Statement Today News
स्पोर्ट्स डेस्क : हुबली/चिनसुराह। आईपीएल (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलने वाले बंगाल के प्रतिभाशाली विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के गंभीर आरोप में घिरे पोरेल को मंगलवार को चिनसुराह की चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (CJM) कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ अदालत ने उनकी जमानत अर्जी खारिज करते हुए उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
साढ़े तीन साल पुराना रिश्ता और विवाद
मामले की जड़ें लगभग साढ़े तीन साल पुराने प्रेम संबंध से जुड़ी हैं। शिकायतकर्ता युवती, जो कर्नाटक में मेडिकल की पढ़ाई कर रही है, ने आरोप लगाया है कि अभिषेक के साथ वह लंबे समय तक रिलेशनशिप में थीं। पीड़िता के अनुसार, अभिषेक ने उससे शादी का वादा किया था और वे साथ में विदेश यात्रा पर भी गए थे। हालांकि, करीब डेढ़ साल पहले उनके रिश्ते में खटास आने लगी और विवाद इतना बढ़ा कि मामला पुलिस तक पहुँच गया, लेकिन तब कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं की गई थी।
गिरफ्तारी और अदालती कार्यवाही
23 जून को मोगरा पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने अभिषेक के चंदन नगर स्थित आवास पर कई बार दबिश दी, लेकिन वे फरार पाए गए। इसके बाद पीड़िता ने कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। हाई कोर्ट के कड़े रुख और गिरफ्तारी के आदेश के बाद मोगरा पुलिस ने क्रिकेटर को हिरासत में लिया। मंगलवार को हुई सुनवाई में कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को तीन दिन की कस्टडी सौंप दी।

