नोएडा: पीजी रूम में युवती की हत्या से हड़कंप, चाकू से कई वार कर आरोपी फरार - statementtodaynews.com

नोएडा: पीजी रूम में युवती की हत्या से हड़कंप, चाकू से कई वार कर आरोपी फरार

Statement Today News

अब्दुल बासिद खान / ब्यूरो मुख्यालय : नोएडा। थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला गांव में स्थित एक पीजी में 19 वर्षीय युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में युवती की हत्या किए जाने की आशंका सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, युवती के शरीर पर चाकू से वार किए गए थे।

मृतका की पहचान असम निवासी महक अहमद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह नौकरी की तलाश में नोएडा आई थी और बरौला स्थित एक पीजी में अपनी दोस्त के साथ रह रही थी।

पुलिस को 10 अगस्त को पीजी के एक कमरे में युवती का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर सेक्टर-49 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस ने मामले में रमन नाम के एक आरोपी की पहचान की है। घटना के बाद से उसके फरार होने की बात सामने आई है। पीजी संचालक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही पीजी से जुड़े लोगों और अन्य संभावित लोगों से पूछताछ कर रही है। आरोपी के संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है।

मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के कारण समेत मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सके। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

editor

    Related Articles

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *