Statement Today News
अब्दुल बासिद खान / ब्यूरो मुख्यालय : वाराणसी के छावनी (कैंटोमेंट) क्षेत्र में सदर बाजार के नजदीक एक चिकन रेस्टोरेंट में सुबह 4 बजे के आसपास बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग बढ़ते ही रेस्टोरेंट में रखे लगभग 6 गैस सिलिंडर एक के बाद एक फट गए, जिससे भीषण धमाके हुए और आग ने विकराल रूप ले लिया। आग से उठती हुई लपटों को देखकर वहां अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों की मदद से कर्मियों ने आग बुझानी आरंभ की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
मौके पर पहुंचे कैंट थाना के निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने पत्रकारों को बताया कि छावनी क्षेत्र के सदर बाजार में चिकन मटन के रेस्टोरेंट में रखे सिलेंडरों में बिजली के शार्ट सर्किट से आग लगी। सुबह छह बजे के करीब सिलेंडरों में विस्फोट के कारण तेज धमाके की आवाज हुई, जिससे लोग दहल उठे। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। मौके पर कोई जनहानि नहीं हुई है। आग से हुए नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।


