मेक इन इंडिया मुहिम के साथ उत्तर प्रदेश में निवेश करना चाहती है रूस सरकार - statementtodaynews.com

मेक इन इंडिया मुहिम के साथ उत्तर प्रदेश में निवेश करना चाहती है रूस सरकार

Statement Today News

अब्दुल बासिद खान / ब्यूरो मुख्यालय : लखनऊ, उत्तर प्रदेश और रूस के बीच उद्योग, स्वास्थ्य सेवा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने एवं असीम सम्भावनाओं के प्रदेश उत्तर प्रदेश में रूसी कम्पनियों को स्थापित करने के लिए आज ग्रेटर नोएडा में मास्को सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। साथ ही उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल को मास्को का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया। औद्योगिक विकास मंत्री ने देश का ग्रोथ इंजन बनने की ओर अग्रसर उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए इच्छुक मास्को सरकार के प्रतिनिधियों का उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से स्वागत एवं अभिनन्दन करते हुए हर सम्भव सहयोग का वादा किया। प्रतिनिधिमंडल में शामिल निवेश और उद्योग नीति विभाग रूस (मास्को) की प्रतिनिधि इरीना पिंगोरिना एवं टेक्नोपोलिस मास्को के अधिकारिक भारतीय प्रतिनिधि अमरदीप सिंह ने औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी से मुलाकात कर मास्को सरकार के निवेश और उद्योग नीति विभाग के मंत्री एवं अध्यक्ष अनातोली मिखाइलीविच की ओर से आमंत्रण पत्र सौंपा।

बातचीत के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रूस की सरकार भारत के मेक इन इंडिया अभियान से काफी प्रभावित है। साथ ही इस अभियान से जुड़ते हुए मास्को आधारित रूप्सी कम्पनियों की उत्पादन फैक्ट्रियां उत्तर प्रदेश में स्थापित करना चाहती है। यही नहीं प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रूसी सरकार नोएडा में टेक्नोपोलिस मास्को के विशेष आर्थिक क्षेत्र सेज की शाखा स्थापित करना चाहती है। मास्को की कम्पनियों के लिए योग्य भारतीय कर्मियों की भर्ती और प्रशिक्षण के लिए केंद्र स्थापित करने की सम्भावनाओं पर भी चर्चा की।

मंत्री नन्दी ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डालर इकोनामी बनने के लक्ष्य की ओर ठोस क़दमों के साथ तेजी से अग्रसर है। 2017 से पहले जहां उद्यमी उत्तर प्रदेश से पलायन कर रहे थे, वहीं आज डबल इंजन की सरकार में देश ही नहीं विदेश की कंपनियां भी उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए स्वयं आगे आ रही हैं। उत्तर प्रदेश के बेहतर कानून व्यवस्था एवं सबसे बेहतर औद्योगिक नीतियां उद्यमियों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित कर रही हैं।

मंत्री नन्दी ने कहा कि मास्को की टीम के इस दौरे और द्विपक्षीय प्रतिनिधिमंडल के बातचीत से मॉस्को और उत्तर प्रदेश के बीच निवेश और औद्योगिक सहयोग को और मजबूती मिलेगी। जिससे नवाचार, रोजगार और द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग के नए अवसर खुलेंगे।

editor

    Related Articles

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *