बढ़ती उम्र के बाद कांग्रेस ने अब जाकर सौंपा उन्हें एक महत्वपूर्ण दायित्व दो जिलों का बनाया गया कॉर्डिनेटर - statementtodaynews.com

बढ़ती उम्र के बाद कांग्रेस ने अब जाकर सौंपा उन्हें एक महत्वपूर्ण दायित्व दो जिलों का बनाया गया कॉर्डिनेटर

Statement Today News

जकारिया अयाज/ सह-सम्पादक : उरई, काफी हद तक शांत रहने और दिखने वाले डॉ. रेहान सिद्दीकी को बड़े लंबे इंतजार के बाद जिले से बाहर की कोई भूमिका मिली है। युवावस्था को लगभग ‘खर्च’ कर चुके पूर्व शहर अध्यक्ष को ‘प्रदेशीय वार रूम पर्सन’ के तौर पर शामिल कर उन्हें विपक्ष से ‘तकनीकी युद्ध’ लड़ने को फिरोजाबाद और एटा का कॉर्डिनेटर बनाया गया है। करीब बाईस वर्ष तक वे शहर अध्यक्ष के रूप में ही कदम ताल करते रहे, फिर भी उन्होंने न तो पार्टी छोड़ी और न ही हिम्मत। यह इंतजार उनके लिए मीठा फल बनकर आया। नया पद मिलने से वे ऊर्जा से इतना भर चुके हैं कि कह दिया कि अब सांसद, विधायक उनके होंगे और जनता के प्रत्येक मुद्दों की लड़ाई लड़कर कांग्रेस सबसे शक्तिशाली बनेगी!  फिलहाल अभी तक जिले का प्रदर्शन देखते हुए इसे अतिशयोक्ति भले माना जाए पर उन्होंने दोहराया कि भविष्य में कोई भी विधायक या सांसद बने उसमें कांग्रेस की भूमिका अवश्य होगी।

अपनी भावी राजनीति, कार्यप्रणाली और कांग्रेस की नीतियों पर उन्होंने क्या कुछ कहा ? प्रस्तुत है बातचीत के अंश –

सवाल : इतने इंतजार के बाद पार्टी ने आपको अब जाकर आपको इस लायक समझा। क्षमता पहचानने में इतना विलंब क्यों हुआ ?

जवाब : मैं तो पार्टी का जितना सच्चा सिपाही पहले था , उतना ही आज भी हूँ। कई लोग विभिन्न पदों पर रहने के बावजूद अवसर आने पर पार्टी छोड़कर चले गए पर मैंने तो कभी ऐसा सोचा भी नहीं। जो भी जिम्मेदारी मिलती रही, हमेशा उसे ही निभाने के बारे में ही सोचा। ऐसा हमेशा रहेगा।सांसों तक इसी पार्टी से नाता रहेगा।

सवाल: कांग्रेस के साथ कैसे जुड़ना हुआ ?

जवाब: मैं 1988 से कांग्रेस से जुड़ा। इस यात्रा का आरंभ एन एस यू आई के जिला महामंत्री पद से हुआ। 1992 में  युवक कांग्रेस में जिला महामंत्री और प्रवक्ता बना। 1997 में शहर अध्यक्ष का दायित्व मिला। इस पद के साथ लंबी यात्रा तय की। बीच के कुछ वर्षों को यदि छोड़ दें तो लगभग 20 से22 वर्षों तक शहर अध्यक्ष  रहकर पार्टी की सेवा की। 2004 में जब सलमान खुर्शीद प्रदेश अध्यक्ष थे तो प्रदेश सचिव के रूप में भी कार्य करने का मौका मिला।

सवाल: राजनीति के इतने लंबे अनुभव के बावजूद पार्टी ने कभी आपको जिलाध्यक्ष नहीं बनाया। इसके पीछे की वजह क्या रही ?

जवाब: देखिए, पद से ज्यादा मैं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने को मानता हूँ। कभी इससे पीछे नहीं हटा। आपका प्रश्न वाजिब है। लेकिन प्रदेश नेतृत्व ने क्या समझा ? इस पर क्या कहूं। इतना ही कह सकता हूँ कि राजनीति में भी आगे बढ़ने के लिए किसी ताकतवर व्यक्ति की जरूरत रहती है। शायद इसके पीछे एक कारण इसे भी माना जा सकता है। इसे अब जाकर समझ आया। फिर भी, जब जागो- तभी सवेरा।

सवाल : आपको ऐसा नहीं लगता कि आप इस वक्त अति उत्साह में आकर अपनी पार्टी का आंकलन कर रहे हैं –

जवाब: कतई नहीं। आगे वाले समय में आप देखिएगा। इस वक्त कांग्रेस में बहुत उत्साह है। पहले संगठन में कमियां रहीं, जिस वजह से खासकर गांवों में हम कमजोर हो गए पर राहुल गांधी के हस्तक्षेप के बाद बूथ स्तर पर ध्यान दिया जा रहा है। पूरे प्रदेश में कांग्रेस एक नई छवि और ताकत में दिखेगी।

सवाल: राहुल गांधी पहले इस ओर ध्यान क्यों नहीं दे पाए ? वे तो काफी समय से राजनीति में हैं –

जवाब : ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने राहुल गांधी को बहुत कुछ सिखा दिया। उन्हें देश भर में जाकर पार्टी की स्थिति और कार्यकर्ताओं की तकलीफ के बारे में पता चला। इसके बाद उन्होंने संगठन में हस्तक्षेप शुरू किया। इसके बाद परिवर्तन दिखाई देना शुरू हो गया। अब कार्यकर्ता खुद को ऊर्जावान महसूस कर रहा है। अब तो गांव- गांव जाकर हम जनता के मुद्दों के लिए लड़ाई लड़ेंगे। जनता का दिल जीतकर दिखाना है।

सवाल : भाजपा का संगठन आपसे कहीं ज्यादा मजबूत है। उसकी तैयारियां चुनाव के पहले से ही शुरू रहती हैं, फिर भाजपा तो कांग्रेस को जिले में ही एक मरी हुई पार्टी मानती है। इस पर क्या कहेंगे ?

जवाब :भाजपा मेरी पार्टी के बारे में क्या कहती है , यह उसकी सोच है पर अब कांग्रेस राहुल गांधी के बाद मजबूती की ओर बढ़ रही है। चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर उन्होंने वोट चोरी के जो आंकड़े प्रस्तुत किए हैं, इससे देश भर की जनता का समर्थन मिलना शुरू हो गया है। यह लिख लीजिए- जिले में ही अब सांसद हो या विधायक, वह बिना कांग्रेस के सहारे नहीं बनेगा। मेरी कांग्रेस को अब इतना दुर्बल मत आंका जाए।

अंतिम सवाल :इस नई जिम्मेदारी को कैसे निभाएंगे ?

जवाब: पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ निभाऊंगा। एटा और फिरोजाबाद जाकर संगठन के ढांचे को जाकर समझना है। बूथ स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। भाजपा की कमियों और उसके झूठे वादों को घर- घर जाकर बताया जायेगा। अंत में उन्होंने पार्टी की ओर से जो भूमिका दी गई , इसके लिए प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के प्रति कृतज्ञता जाहिर की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो भरोसा मुझ पर दिखाया है, उस पर खरा उतरने के लिए दिन और रात एक कर दूंगा।

editor

    Related Articles

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *